MP में मनरेगा के नए नाम वाली योजना में फर्जीवाड़े का आरोप, एक फोटो से बने 13 जॉब कार्ड

मुरैना जिले की पोरसा जनपद पंचायत की डोंडरी ग्राम पंचायत में वीबी-जी राम जी योजना के तहत कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरपंच सुरेश सिंह तोमर के बेटे आलोक तोमर की तस्वीर का इस्तेमाल कर 13 अलग-अलग जॉब कार्ड तैयार किए गए। इन कार्डों में तस्वीर एक ही बताई जा रही है, जबकि नाम अलग-अलग दर्ज हैं। कुछ कार्डों में दिलीप माहौर, फिरोज खान, अंजलि और सोनाली जैसे नाम होने की जानकारी सामने आई है।

एक ही मस्टररोल में 13 संदिग्ध नाम

कथित फर्जी जॉब कार्डों में महिलाओं के नाम पर बने कार्ड भी शामिल होने का दावा किया गया है। कुछ कार्डों में फोटो से चेहरे के हिस्से गायब होने की बात भी सामने आई है। वहीं एक सितंबर को तालाब निर्माण के लिए तैयार किए गए मस्टररोल में 17 मजदूरों की हाजिरी दर्ज होने की जानकारी है। इनमें 13 नाम ऐसे बताए जा रहे हैं, जिनके जॉब कार्ड में कथित तौर पर सरपंच के बेटे की तस्वीर लगी है।

पंचायत में सरपंच के रिश्तेदारों और परिचितों समेत 100 से अधिक फर्जी जॉब कार्ड बनाए जाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

मजदूरी भुगतान में भी गड़बड़ी के आरोप, जांच टीम गठित

मामले को लेकर मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि फर्जी मस्टररोल के जरिए श्रमिकों के खातों में राशि भेजकर उसका कुछ हिस्सा वापस लेने की व्यवस्था चल रही थी। इन आरोपों की भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शिकायत मिली है। मामला गंभीर है, इसलिए तत्काल जांच टीम बनाई है, जिसमें परियोजना अधिकारी और एई को शामिल किया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
सुनीता शर्मा, जनपद सीईओ, पोरसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *