मुरैना में मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान फायरिंग, लाइसेंसी रायफलों से निशाना साधने का वीडियो वायरल

मुरैना जिले के जौरा क्षेत्र के परसौटा गांव में भुजरिया मेले के दौरान आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में कुछ युवक लाइसेंसी रायफलों से मटकी पर निशाना लगाते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वर्षों से चली आ रही परंपरा में बंदूक से मटकी फोड़ने का आयोजन

जानकारी के अनुसार रक्षा बंधन के अगले दिन पड़वा के अवसर पर परसौटा गांव में नदी किनारे भुजरिया मेले का आयोजन किया जाता है। इसी दौरान पारंपरिक रूप से मटकी फोड़ प्रतियोगिता भी कराई जाती है। बताया जा रहा है कि इस बार प्रतियोगिता में आधा दर्जन से अधिक युवकों ने लाइसेंसी रायफलों से मटकी पर निशाना लगाया।

मटकी पर निशाना लगाने वाले को मिलता है इनाम

ग्रामीणों के मुताबिक इस आयोजन की परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। प्रतियोगिता में बंदूक से मटकी फोड़ने वाले प्रतिभागी को पंचायत की ओर से पुरस्कार दिए जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि, सार्वजनिक आयोजन में फायरिंग किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस पूरे मामले की वास्तविकता जांच रही है।

वीडियो की जांच कर रही पुलिस, सरपंच को बुलाया

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। जौरा एसडीओपी नितिन बघेल के अनुसार वायरल वीडियो पुलिस तक पहुंचा है और इसकी जांच कराई जा रही है। पुलिस यह भी सत्यापित कर रही है कि वीडियो इसी आयोजन का है या पुराना है। मामले में पंचायत सरपंच को थाने बुलाया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *