By: Ravindra Singh
Morena : कैलारस विकासखंड की ग्राम पंचायत सीमई के बाबू का पूरा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय इन दिनों जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। स्कूल परिसर में घुटनों तक पानी जमा होने के कारण पूरा परिसर तालाब जैसा दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद शिक्षक और बच्चे पानी से होकर विद्यालय पहुंचने के लिए मजबूर हैं।
130 बच्चों में सिर्फ 3 से 5 की उपस्थिति
Morena विद्यालय में करीब 130 छात्र-छात्राओं का नामांकन है, लेकिन लगातार जलभराव के कारण अधिकांश बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार लगभग एक महीने से परिसर में पानी जमा है। मौजूदा स्थिति में प्रतिदिन केवल तीन से पांच बच्चे ही स्कूल पहुंच रहे हैं।
पानी में सांप निकलने से अभिभावकों में चिंता
Morena जलभराव के कारण विद्यालय परिसर में सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के आने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों और शिक्षकों के मुताबिक परिसर में कई बार सांप दिखाई दे चुके हैं। छोटे बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए अभिभावक उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
ट्रांसफार्मर के चलते करंट का भी खतरा
Morena स्कूल परिसर में विद्युत ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। ऐसे में पानी में बिजली का खतरा बच्चों और शिक्षकों के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण विद्यालय की बाउंड्रीवाल को भी नुकसान पहुंचने लगा है।
पानी बढ़ते ही स्कूल में कर दी जाती है छुट्टी
Morena विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक के अनुसार, जब पानी का स्तर घुटनों तक पहुंच जाता है तो बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छुट्टी करनी पड़ती है। कई मौकों पर शिक्षकों को भी स्कूल भवन तक जाने के बजाय सड़क से ही उपस्थिति दर्ज करनी पड़ी है।
अधिकारियों को कई बार दी गई जानकारी
Morena प्रधानाध्यापक ने बताया कि जल निकासी की समस्या दूर कराने के लिए सरपंच और संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित सूचना दी जा चुकी है। जिला पंचायत सीईओ और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन अभी तक जलभराव का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने जल्द समाधान की मांग की
Morena ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल परिसर से तत्काल पानी निकालने, विद्युत ट्रांसफार्मर से जुड़े संभावित खतरे को दूर करने और विद्यालय को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि छोटे बच्चों को ऐसे जोखिम के बीच स्कूल भेजना चिंता का विषय है। अब ग्रामीण स्थायी जल निकासी व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों के लिए प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
Also Read: यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में बढ़ी तकरार, सीट बंटवारे को लेकर नेताओं में बयानबाजी
One thought on “Morena: सीमई स्कूल में घुटनों तक पानी, सांप और करंट के खतरे के बीच पढ़ने पहुंच रहे बच्चे”