नवलपुरा में ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार, ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा

सड़क और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध

खरगोन। जिले के कसरावद क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 19 के उपचुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। क्षेत्र में कुल 75 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसी बीच जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोपालपुरा के ग्राम नवलपुरा में ग्रामीणों ने सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया।

606 मतदाताओं में दोपहर तक सिर्फ 16 ने डाला वोट

नवलपुरा मतदान केंद्र पर कुल 606 मतदाता दर्ज हैं। ग्रामीणों के मतदान बहिष्कार के चलते दोपहर तक यहां केवल 16 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क समेत जरूरी मूलभूत सुविधाओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसी के चलते उन्होंने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का निर्णय लिया है।

प्रशासन ग्रामीणों से कर रहा चर्चा, अन्य केंद्रों पर मतदान जारी

मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। नवलपुरा मतदान केंद्र पर प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद हैं। अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों से चर्चा कर मतदान शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, कसरावद क्षेत्र के अन्य मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *