छतरपुर। भगवां स्थित ॐ सरस्वती ज्ञान मंदिर में कक्षा-1 के छात्र नीरज लोधी के पैर में चोट लगने के मामले में जिला शिक्षा केंद्र छतरपुर ने स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में जांच के दौरान स्कूल संचालक एवं प्रबंधन की लापरवाही सामने आने का उल्लेख किया गया है। विभाग ने स्कूल प्रबंधन से तीन दिवस के भीतर अभिलेखों सहित स्पष्टीकरण मांगा है।
जांच में सामने आईं कई कमियां
जिला शिक्षा केंद्र की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि विद्यालय में कुल 120 छात्र हैं, लेकिन एजुकेशन पोर्टल पर केवल 99 छात्रों का नामांकन दर्ज है। वहीं 67 छात्रों के छात्रवृत्ति संबंधी आधार अपडेट कराए जाने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा जनपद शिक्षा केंद्र स्तर पर आयोजित बैठकों में संस्था की उपस्थिति नहीं होने और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता नहीं दिखाने का भी उल्लेख नोटिस में किया गया है।
परिवहन व्यवस्था को लेकर भी उठे सवाल
नोटिस में छात्रों के परिवहन से जुड़ी व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया है। विभाग के अनुसार विद्यालय में छात्रों के परिवहन के लिए टाटा मैजिक वाहन उपलब्ध कराया गया था, लेकिन वाहन का संचालन स्कूल संचालक के नाम दर्ज नहीं होने के कारण विभाग की ओर से उसे उपलब्ध नहीं कराया गया।
तीन दिन में मांगा जवाब
जिला शिक्षा केंद्र ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वह तीन दिवस के भीतर संबंधित अभिलेखों के साथ अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करे। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि स्कूल प्रबंधन का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।