जिला जेल में बंदियों के लिए लगा विधिक जागरूकता शिविर, रोशनी शिशु गृह का भी किया निरीक्षण

Datia

By: Ravindra Singh

दतिया। न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत जिला जेल दतिया और रोशनी शिशु गृह में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान बंदियों एवं बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ संस्थाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया गया।

बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता की दी जानकारी

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय चंद्र के मार्गदर्शन में किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजेश भंडारी ने जेल पहुंचकर बंदियों को मिलने वाली विधिक सुविधाओं और सहायता व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान बंदियों को उनके मामलों की मौजूदा स्थिति से अवगत कराने, निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और न्यायिक प्रक्रिया तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक मजबूती के प्रति जागरूक किया गया।

रोशनी शिशु गृह में बच्चों के अधिकारों की समीक्षा

कार्यक्रम के अंतर्गत रोशनी शिशु गृह का भी निरीक्षण किया गया। यहां बच्चों को उपलब्ध सुविधाओं और देखरेख की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा बाल देखरेख संस्थाओं एवं पर्यवेक्षण गृहों में बच्चों के पुनर्वास और संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी ध्यान देने की बात कही गई।

समाज की मुख्यधारा से जोड़ना शिविर का उद्देश्य

विधिक जागरूकता शिविर का प्रमुख उद्देश्य बंदियों और बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता मुहैया कराना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को बढ़ावा देना रहा।

इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी विभूति तिवारी, जेल अधीक्षक ओ.पी. पांडे और महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बृजेंद्र कौरव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: भोपाल में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 34 प्रकरण दर्ज; शराब और दो वाहन समेत 1.50 लाख रुपये की जब्ती

One thought on “जिला जेल में बंदियों के लिए लगा विधिक जागरूकता शिविर, रोशनी शिशु गृह का भी किया निरीक्षण”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *