By: Ravindra Singh
दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में पराली जलाने से रोकने पर पटवारी के साथ मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में सेवढ़ा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
पराली जलाने से रोकने पर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 13 अक्टूबर की है। सेवढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रिपौली में हल्का पटवारी अभयदिलीप यादव को खेतों में पराली जलाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पटवारी मौके पर पहुंचे और किसानों को पराली नहीं जलाने की समझाइश दी। उन्होंने शासन के निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।
पटवारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी
इसी दौरान कुछ लोगों ने पटवारी के साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोपियों ने पटवारी के साथ हाथापाई की और उनके शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। इसके अलावा उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पटवारी अभयदिलीप यादव ने सेवढ़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
थाना प्रभारी राजीव बिरथरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजेंद्र चौहान, दीपेन्द्र चौहान और अभिराज चौहान के रूप में हुई है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Also Read: भोपाल के वैशाली नगर में दूषित पानी की शिकायत पर नगर निगम अलर्ट, 42 सैंपल जांच के लिए भेजे
One thought on “दतिया में पटवारी से मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने न्यायालय में किया पेश”