By: Ravindra Singh
भोपाल। राजधानी में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने के मामलों पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में की गई जांच और कार्रवाई के दौरान कुल 34 प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान अवैध शराब से भरे दो वाहन भी जब्त किए गए। विभाग के अनुसार, जब्त शराब और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार 900 रुपये है।
स्कूटर और बाइक से शराब ले जाते दो लोग पकड़े
आबकारी विभाग की टीम ने बागसेवनिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए श्रीकांत बावस्कर निवासी हबीबगंज को पकड़ा। वह स्कूटर क्रमांक MP 04 WJ 4223 से देशी मसाला शराब के 200 पाव लेकर जा रहा था। टीम ने शराब और स्कूटर जब्त कर लिया। इनकी कुल अनुमानित कीमत 66 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई रंगमहल चौराहे पर हुई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी शेखर लिखार के नेतृत्व वाली टीम ने मोटरसाइकिल क्रमांक MP 04 WD 2269 से देशी प्लेन शराब के 144 पाव ले जा रहे व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की। इस मामले में शराब और बाइक सहित करीब 90 हजार 900 रुपये की सामग्री जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
रायसेन रोड के रेस्टोरेंट और ढाबों में देर रात जांच, 32 केस दर्ज
अभियान के तहत सहायक जिला आबकारी अधिकारी महेश विश्वकर्मा की टीम ने रायसेन रोड स्थित रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण किया। देर रात चली इस जांच में पेंडियम, शामियाना, समायरा ग्रीन, हेरिटेज बाग, क्लाउड 11, आचमन, लक्स और शाहीपिंड सहित कई प्रतिष्ठानों को जांच के दायरे में लिया गया।
यहां शराब के अवैध सेवन और परोसने से जुड़े मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 36 ए/बी के तहत 32 प्रकरण दर्ज किए गए। इस तरह शराब के अवैध परिवहन और रेस्टोरेंट-ढाबों में नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों को मिलाकर कुल 34 प्रकरण सामने आए।
कलेक्टर के निर्देश पर अभियान, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
यह विशेष अभियान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर संचालित किया गया। उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व कंट्रोलर वर्षा उइके ने किया।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मुताबिक, जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही नागरिकों को असली और नकली शराब की पहचान के संबंध में जागरूक भी किया जा रहा है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि शहर और जिले के संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थानों पर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: दतिया में पटवारी से मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने न्यायालय में किया पेश
One thought on “भोपाल में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 34 प्रकरण दर्ज; शराब और दो वाहन समेत 1.50 लाख रुपये की जब्ती”