शराब दुकान में तोड़फोड़ और आगजनी मामले में सरपंच-जनपद सदस्य समेत 21 आरोपी गिरफ्तार

लाइसेंसी कंपोजिट शराब दुकान में घुसकर की तोड़फोड़

शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र के अमोलपठा में बीते दिनों लाइसेंसी कंपोजिट शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में सरपंच छोटे राजा पुत्र भरौसीराम गुर्जर, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम गणेशखेड़ा, थाना अमोला और जनपद सदस्य दुष्यंत परमार पुत्र वीरसिंह परमार, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम अमोलपठा, थाना अमोला सहित कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शराब की बोतलें फोड़कर दुकान में लगाई आग

आरोप है कि आरोपियों ने शराब की दुकान में घुसकर शराब में तोड़फोड़ की और दुकान में आग लगा दी। इस दौरान दुकान कर्मचारी के साथ कथित तौर पर अश्लील गालियां देते हुए मारपीट की गई। आरोपियों पर पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ मारपीट करने तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है। इसके अलावा शासकीय वाहन में तोड़फोड़ करने और शराब की बोतलें फोड़कर आग लगाने की बात सामने आई है।

21 आरोपी जेल भेजे, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरपंच और जनपद सदस्य समेत कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी चिन्हित किया जा रहा है और उनकी धरपकड़ के लिए कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *