मुरैना में 5 लाख के लेनदेन पर रिश्तेदारों में खूनी बवाल, 15 से 20 राउंड फायरिंग; 3 घायल

पांच लाख रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद

मुरैना जिले के रिठौरा थाना क्षेत्र के बरावली गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। घटना में अजीत गुर्जर, दिलीप गुर्जर और नारायण गुर्जर घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग हुई।

जानकारी के मुताबिक गिरगांव निवासी विश्वनाथ गुर्जर अपने परिजनों और रिश्तेदारों समेत दो दर्जन से अधिक लोगों के साथ बरावली गांव पहुंचा था। उसका अपने मामा के बेटे दिलीप गुर्जर से पांच लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। विश्वनाथ ने दिलीप से अपने पांच लाख रुपये मांगे, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।

रायफल से फायरिंग के बाद मची भगदड़

आरोप है कि विवाद के दौरान विश्वनाथ गुर्जर और उसके भाई रामेंद्र गुर्जर ने रायफल से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई। इस दौरान तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रिठौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले गोहद में पंचायत भी हुई थी, लेकिन वहां विवाद का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद विश्वनाथ अपने रिश्तेदारों के साथ बरावली गांव पहुंचा, जहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

छह नामजद आरोपियों पर केस, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना

पुलिस के मुताबिक विवाद जमीन से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था और दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। मामले में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों में एक एसएएफ का जवान भी बताया जा रहा है, जिसकी पुलिस द्वारा तस्दीक कराई जा रही है।

एएसपी सुरेंद्र पाल सिंह डाबर ने बताया कि पैसों के लेनदेन के विवाद में बरावली गांव में मारपीट और फायरिंग की घटना हुई है। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके हथियार जब्त करने की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *