ग्वालियर: कम्पू थाना क्षेत्र में तड़के सुबह कैंसर पहाड़ी की झाड़ियों में मिली नाबालिग युवती की लाश के मामले का ग्वालियर पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। मृतका की पहचान अनायना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, युवती की गला घोंटकर हत्या की गई थी।
घटना के बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं। जांच के दौरान मृतका के मोबाइल से मिली चैट पुलिस के लिए अहम सुराग बनी। चैट के आधार पर पुलिस ईशान खान तक पहुंची और पूछताछ के बाद उसके साथी अरबाज खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
शादी से इनकार बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी ईशान खान अनायना से शादी करना चाहता था। युवती ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद ईशान ने अपने दोस्त अरबाज के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
आरोप है कि जब अनायना काम से लौट रही थी, तभी दोनों ने उसे जबरन अपनी बलेनो कार में बैठाया और कैंसर पहाड़ी की ओर ले गए। वहां कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को झाड़ियों में छोड़कर दोनों आरोपी फरार हो गए।
हत्या में इस्तेमाल कार जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी जब्त कर ली है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
12 घंटे में गिरफ्तारी
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के करीब 12 घंटे के भीतर दोनों संदिग्ध आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस का कहना है कि मोबाइल चैट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।