ग्वालियर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश और आबकारी विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में भितरवार क्षेत्र के कई कंजर डेरों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में गुड़ लहान और हाथ भट्टी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए।
चकमियापुर और अन्य स्थानों पर दी गई दबिश
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने चकमियापुर कंजर डेरा, गोलपुरा कंजर डेरा, बसई कंजर डेरा और भितरवार क्षेत्र में कार्रवाई की। चकमियापुर कंजर डेरे पर ड्रम, टंकियों और जमीन में बने गड्ढों से करीब 2300 किलो गुड़ लहान बरामद किया गया। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों से नीले ड्रमों में करीब 43 लीटर हाथ भट्टी शराब भी मिली।
चकमियापुर के हार और गोहिंदा क्षेत्र में ड्रम एवं प्लास्टिक की कट्टियों से करीब 1100 किलो गुड़ लहान बरामद किया गया। वहीं बसई कंजर डेरे से करीब 8 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की गई।
मौके पर नष्ट किया गया गुड़ लहान
आबकारी विभाग की टीम ने बरामद गुड़ लहान के नमूने लिए। इसके बाद शेष लहान को मौके पर ही फैलाकर नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई में कुल 3400 किलो गुड़ लहान और 51 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद होने की जानकारी दी गई है। विभाग के अनुसार हाथ भट्टी शराब और नष्ट किए गए गुड़ लहान की अनुमानित कीमत करीब 4.55 लाख रुपये है।
आबकारी अधिनियम के तहत 5 मामले दर्ज
कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी के निर्देशन तथा आबकारी उप निरीक्षक एवं डबरा-भितरवार प्रभारी सतेंद्र सिंह मीणा के नेतृत्व में की गई।
अभियान में आबकारी उप निरीक्षक रवि सिसोदिया, सुरेश कुमार पारासर समेत आबकारी विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।