मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात ऑटो पार्किंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे। इसी दौरान निगरानीशुदा बदमाश अभिषेक राय उर्फ लड्डू अपने 5-6 साथियों के साथ थाने में घुस आया और खुलेआम दूसरे पक्ष को बाहर देख लेने की धमकियां देने लगा।
पुलिसकर्मियों से हाथापाई और फाड़ी वर्दी
जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बदमाश को शांत रहने और साथियों के साथ बाहर जाने की हिदायत दी, तो वह पुलिस से ही उलझ गया। देखते ही देखते आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी, जिसमें एक पुलिसकर्मी की वर्दी तक फट गई। थाने के भीतर हुए इस पूरे हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस का कड़ा एक्शन: मामला दर्ज कर निकाला सार्वजनिक जुलूस
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अभिषेक राय उर्फ ‘लड्डू’ और उसके साथी रोहन जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की हेकड़ी निकालते हुए इलाके में उसका सार्वजनिक जुलूस निकाला। मामले में शामिल अन्य नामजद फरार आरोपियों (अमित राय, अनिल, आकाश और प्रेम कुमार) की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।