इंदौर: क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 39.95 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क और मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
गाड़ियां बदलकर करते थे ब्राउन शुगर की तस्करी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पुलिस की नजर से बचने के लिए अलग-अलग वाहनों का उपयोग कर ब्राउन शुगर की तस्करी करते थे। तस्करी के दौरान वे लगातार वाहन बदलते थे, ताकि उनकी गतिविधियों पर संदेह न हो।
क्राइम ब्रांच को मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की निगरानी की गई और उन्हें रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई।
MR-10 रोड से दबोचे गए आरोपी
क्राइम ब्रांच की टीम ने MR-10 रोड स्थित मेट्रो पोल नंबर CP-330 के सामने सर्विस रोड पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी बाणगंगा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
2026 में 134 आरोपियों की गिरफ्तारी
क्राइम ब्रांच के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 64 मामलों में कुल 134 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों के दौरान करीब 3 करोड़ 64 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी।