जबेरा। जिला प्रशासन जहां शासकीय कार्यालयों में समयबद्ध कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, वहीं जबेरा स्थित महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय में गुरुवार को लापरवाही का मामला सामने आया। निर्धारित समय के काफी बाद तक कार्यालय का ताला नहीं खुला, जिससे अपने कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कार्यालय के बाहर इंतजार करते रहे हितग्राही
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह कई लोग अपने कार्यों के सिलसिले में महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन करीब 10:30 बजे तक कार्यालय बंद मिला। काफी देर तक इंतजार के बावजूद कार्यालय नहीं खुलने पर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कार्यालय समय पर नहीं खुलने की शिकायत पहले भी सामने आ चुकी है।
अधिकारी के कथित बयान से बढ़ा विवाद, जांच के निर्देश
मौके पर मौजूद महिला एवं बाल विकास अधिकारी रिंकल घनघोरिया से जब कार्यालय बंद रहने के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने कथित रूप से कहा कि वीडियो बनाने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। इस बयान के बाद मामला और चर्चा में आ गया। वहीं, कार्यालय खुलने में हुई देरी और उपस्थिति संबंधी प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम द्वारा जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।