लगातार बारिश बनी आफत: मकान गिरने से मां-बेटे की मौत, छह लोग घायल

डबरा। लगातार दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने जंगीपुर क्षेत्र में एक परिवार पर कहर बरपा दिया। देर रात एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में घर के भीतर सो रहे लोग आ गए। हादसे में छह लोग घायल हुए, जबकि एक बच्चे की मलबे में दबने से मौत हो गई। बाद में उसकी मां की भी मौत की पुष्टि हुई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर सक्रिय हुए। एसडीएम नवकिरण कौर, एसडीओपी सौरभ कुमार और सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

एम्बुलेंस सेवा पर उठे सवाल

हादसे के बाद भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष जिबलेश जाटव ने आरोप लगाया कि 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना देने के बावजूद समय पर सहायता नहीं मिली। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर में एम्बुलेंस मौजूद होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं किया गया और चालक मौके पर उपलब्ध नहीं था।

अस्पताल व्यवस्था पर भी नाराजगी

घटना के बाद सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाम के बाद कई जिम्मेदार अधिकारी अस्पताल में उपलब्ध नहीं रहते, जिससे आपात स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

गंभीर मरीजों के रेफरल सिस्टम पर चिंता

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गंभीर रूप से घायल मरीजों को अक्सर ग्वालियर रेफर कर दिया जाता है। पर्याप्त उपचार सुविधाओं के अभाव में कई मरीजों की हालत रास्ते में ही बिगड़ जाती है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग फिर से तेज हो गई है।

प्रशासन ने मामले की जांच और घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *