शाजापुर में रोजगार सहायकों का शक्ति प्रदर्शन, स्थायी करने की मांग को लेकर निकाली बाइक रैली

शाजापुर जिले में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम पंचायत रोजगार सहायकों ने शक्ति प्रदर्शन किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत रोजगार सहायकों ने सेवा शर्तों में सुधार और भविष्य को सुरक्षित करने की मांग को लेकर विशाल बाइक रैली निकाली। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। इस दौरान रोजगार सहायक नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते नजर आए।

स्थायी करने के साथ सम्मानजनक वेतन की मांग

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद रोजगार सहायकों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और पंचायत मंत्री के नाम अपर कलेक्टर जगदीश वर्मा को ज्ञापन सौंपा। रोजगार सहायकों की प्रमुख मांग संविदा व्यवस्था से मुक्त कर उन्हें स्थायी करने की है। उनका कहना है कि इससे नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। महंगाई के मौजूदा दौर में वर्तमान मानदेय को कम बताते हुए सम्मानजनक वेतनमान तय करने की मांग भी की गई।

अनुकंपा नियुक्ति और ईपीएफ समेत अन्य लाभ की मांग

रोजगार सहायकों ने अनुकंपा नियुक्ति, ईपीएफ और अन्य शासकीय कर्मचारियों की तरह मिलने वाले लाभ देने की मांग भी उठाई। बाइक रैली में जिलेभर की ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में रोजगार सहायक शामिल हुए। ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान अपर कलेक्टर जगदीश वर्मा ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए ज्ञापन उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन की चेतावनी

संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन स्तर पर जल्द उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आगामी समय में सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन को उग्र रूप देने के लिए मजबूर होना पड़ा तो इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *