By: Ravindra Singh
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ रीवा लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। मझौली क्षेत्र में लोकायुक्त की टीम ने पंचायत सचिव रामसुजान तिवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों का भुगतान कराने के बदले सचिव ने फरियादी से कुल 40 हजार रुपये की मांग की थी।
निर्माण कार्यों का भुगतान करने के बदले मांगी रकम
मामला ग्राम पंचायत ठोंगा और ताला से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार, इन पंचायतों में सचिवीय प्रभार संभाल रहे रामसुजान तिवारी ने निर्माण कार्यों के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में फरियादी से 40 हजार रुपये मांगे थे। रिश्वत की मांग से परेशान होकर फरियादी ने रीवा लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच और आरोपों का सत्यापन किया।
15 सदस्यीय टीम ने बिछाया जाल, दूसरी किस्त लेते पकड़ा
शिकायत सही पाए जाने के बाद रीवा लोकायुक्त ने 15 सदस्यीय टीम गठित कर ट्रैप की योजना बनाई। इसके तहत रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये दिए गए। इसके बाद जब आरोपी ने दूसरी किस्त के तौर पर फिर 20 हजार रुपये स्वीकार किए, तभी पहले से मौजूद लोकायुक्त अधिकारियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पंचायत सचिव की गिरफ्तारी आरईएस के उपखंड कार्यालय में की गई।
जिला मुख्यालय में पूछताछ, कानूनी कार्रवाई जारी
कार्रवाई पूरी होने के बाद लोकायुक्त की टीम आरोपी को आगे की पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए सीधी जिला मुख्यालय लेकर पहुंची। फिलहाल सर्किट हाउस में मामले से संबंधित कार्रवाई की जा रही है। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में भी हलचल मच गई है। लोकायुक्त टीम द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
One thought on “सीधी में लोकायुक्त का छापा: 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, 40 हजार की थी डिमांड”