मुरैना में शादी का वादा कर युवती का एक साल तक शोषण करने का आरोप, मां और वकील समेत तीन पर FIR

Morena

By: Ravindra Singh

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में शादी का भरोसा देकर 19 वर्षीय युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने युवक पर करीब एक साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रखने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी युवक, उसकी मां और एक वकील के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पड़ोस में हुई पहचान, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उत्तमपुरा निवासी 19 वर्षीय युवती (परिवर्तित नाम राखी) की करीब एक साल पहले अपने पड़ोस में रहने वाले धर्मवीर रामपुरे से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि नवंबर महीने में धर्मवीर ने युवती को अपने घर बुलाया और शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद आरोपी ने उसे अपने साथ रहने के लिए राजी कर लिया।

आरोपी की मां और वकील पर भी भरोसा दिलाने का आरोप

पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि धर्मवीर की मां बबीता रामपुरे और एडवोकेट भीमसेन पहाड़िया ने भी उसे आश्वासन दिया था कि वह धर्मवीर के साथ पत्नी की तरह रह सकती है और करीब एक साल बाद दोनों की शादी करा दी जाएगी। इस भरोसे के आधार पर युवती आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। इस दौरान युवक पर कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया गया है।

शादी की बात उठाने पर घर से निकाला, जान से मारने की धमकी देने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, करीब एक साल बीतने के बाद जब युवती ने धर्मवीर से शादी करने की बात कही तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवक की मां बबीता रामपुरे ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद जब पीड़िता ने दोबारा शादी का मुद्दा उठाया तो आरोपियों की ओर से उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना से परेशान होकर युवती स्टेशन रोड थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धर्मवीर रामपुरे, उसकी मां बबीता रामपुरे और एडवोकेट भीमसेन पहाड़िया के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Also Read: MP Pensioners News: मध्यप्रदेश के 11 लाख पेंशनर्स को बड़ी राहत, अब घर बैठे बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, एक कॉल पर पहुंचेगा डाकिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *